रीवा। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को नगर पालिक निगम प्रशासन ने शहर से अतिक्रमण हटाए जाने के लिए मुहिम चलाई। नगर निगम की यह कार्रवाई अस्पताल चौराहे से शुरू हुई और मेडिकल कॉलेज गेट तक अतिक्रमण को हटाने का काम किया गया है। सड़क के दोनों तरफ मौजूद जहां फुटपाथ की दुकानों को हटाया गया वहीं अतिक्रमण क्षेत्र में रखे हुए सामान को जब्त करने के साथ ही दुकानों के बाहर लगे हुए टीन शेड को जेसीबी से हटाने का काम किया। इस दौरान शहर के अमहिया थाना, सिटी कोतवाली, यातायात थाने की पुलिस तैनात रही।
जारी रहेगी मुहिम
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर से अतिक्रमण हटाए जाने की मुहिम लगातार जारी रहेगी। अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए जाने के पीछे शहर के यातायात को व्यवस्थित करना तथा शहर को साफ सुथरा बनाना है। अतिक्रमण के चलते जहां जगह- जगह जाम लगा रहा वहीं अव्यवस्थित शहर होने के साथ ही अन्य समस्याएं भी आ रही हैं। यही वजह है कि नगर निगम और पुलिस प्रशासन मुहिम चलाकर कार्रवाई कर रहा है।
व्यापारियों में रहा आक्रोश
अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान ठेला गोमती के व्यापारियों में आक्रोश रहा और उनका कहना था कि प्रशासन की अतिक्रमण हटाओ मुहिम फुटपाथ व्यापारियों पर ही चलती है जबकि बड़े स्तर पर व्याप्त अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन के कदम पीछे हो जाते हैं। उनका कहना था कि प्रशासन एक समान कार्रवाई करे, तब तो ठीक अन्यथा गरीबों का व्यापार ठप करना प्रशासन की दो तरफा कार्रवाई है।
बस स्टैंड के व्यापारियों में आक्रोश
पुराने रेवांचल बस स्टैंड के व्यापारियों में नगर निगम की कार्रवाई को लेकर गुरुवार को आक्रोश रहा। व्यापारियों ने जहां बस स्टैंड की दुकानें बंद कर रखीं वहीं बैठक कर नई रणनीति तैयार करने में लगे रहे। व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के नाम पर बस स्टैंड के व्यापारियों को परेशान किया जाता है तो वहीं व्यापारियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर एकतरफा कार्रवाई की है और व्यापारियों ने इसके विरोध में बस स्टैंड की दुकानें बंद कर व्यापारियों के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लिए जाने की मांग की।
1दिन पूर्व हुआ था विवाद
ज्ञात हो कि रेवांचल बस स्टैंड में बुधवार की सुबह लगभग साढ़े 8 बजे अतिक्रमण हटाने गए नगर निगम के कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच न सिर्फ विवाद हो गया था बल्कि मारपीट की भी घटना में नगर निगम कर्मचारी घायल हो गए थे। ननि कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने व्यापारी संघ के पदाधिकारी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त कार्रवाई के चलते व्यापारियों का आक्रोश जारी है और वे दुकानें बंद कर विरोध जता रहे हैं।
वर्जन
शहर से अतिक्रमण हटाने की मुहिम समय- समय पर चलती रही है। अस्पताल क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के लिए अमले ने कार्रवाई की। जिससे यातायात सुगम हो और शहर सुव्यवस्थित दिखे।
अरुण मिश्रा, उपायुक्त नगर निगम।